खन्ना। पंजाब के लुधियाना जिले के खन्ना में नेशनल हाईवे सड़क हादसा हुआ। प्रिस्टिन माल के पास हुए इस हादसे में एक साधु की मौत हो गई है। तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से मारुति कार को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कार 3 बार घूमते हुए डिवाइडर से टकराई। इससे कार के टुकड़े-टुकड़े हो गए। वहीं कार में सवार 5 साधुओं में से एक की मौत हो गई। बाकी घायल हुए, जिन्हें सरकारी अस्पताल खन्ना में दाखिल करवाया गया है।
टक्कर लगते ही मारुति 3 बार घूम गई
मिली जानकारी के अनुसार, साधु पटियाला से लुधियाना आ रहे थे। हादसे में मरने वाले साधु की पहचान रामा गिरी के तौर पर हुई। सड़क हादसे में घायल हुए अवतार नाथ ने बताया कि वह अपने एक साथी से मिलने के लिए लुधियाना जा रहे थे, लेकिन जब वह खन्ना पहुंचे तो उन्हें खुद नहीं पता कि पीछे से किस वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। वाहन की टक्कर से उनकी मारुति कार 3 बार घूम गई।
हादसे के आरोपी मौके से फरार हुआ
अवतार ने बताया कि राहगीरों ने उन्हें गाड़ी से बाहर निकाला और अस्पताल में भर्ती कराया। कार चला रहे गोरा गिरी ने बताया कि एक तेज रफ्तार वाहन ने पीछे से कार में टक्कर मार दी और उन्हें पता भी नहीं चला। बिल्कुल आंख झपकने की तरह हादसा हुआ। उन्हें कार से निकाल कर अस्पताल लाया गया। हादसे के बाद आरोपी वाहन समेत फरार हो गया। सिटी थाना-2 के ASI जरनैल सिंह मामले की जांच कर रहे।



