कपूरथला , 28 अक्टूबर । जिले के शालापुर बेट गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक शिक्षक ने एक छात्र को अपनी कार के बोनट पर करीब 10 किलोमीटर तक घुमाया। ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। आईलैटस (IELTS) की कोचिंग ले रहे हरमनप्रीत सिंह ने आरोप लगाया कि बलजिंदर सिंह ने उन्हें अपनी कार से टक्कर मारी और वह बोनट पर गिर गए। शिक्षक काफी दूर तक उसके साथ गाड़ी चलाते रहे।
शिक्षक बलजिंदर के खिलाफ धारा 307 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। SHO जसपाल सिंह ने बताया कि घटना दो पक्षों के बीच हुई लड़ाई के दौरान हुई और आरोपी युवक को अपनी कार के बोनट पर करीब 10 किलोमीटर तक ले गए। हरमनप्रीत सिंह पुत्र मंजीत सिंह निवासी गांव बस्ती गंधा सिंह वाला टिब्बा अस्पताल में दाखिल है। हरमनप्रीत का आरोप है कि वह कल गांव शालापुर के मोड़ पर खड़ा था। तभी शिक्षक बलजिंदर सिंह चला रहे तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और वह कार के बोनट पर गिर गया।
इसके बाद टीचर उसे कार के बोनट पर बैठाकर करीब 10 किलोमीटर तक ले गया। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। आरोपी टीचर के रिश्तेदार ने बताया कि हरमनप्रीत सिंह अपने कई साथियों के साथ आया और जान से मारने की नियत से कार पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। कार के शीशे टूट गए और बलजिंदर सिंह ने खुद को बचाने के लिए कार चलाई, फिर भी हरमनप्रीत सिंह जानबूझकर कार के बोनट पर चढ़ गया और वहीं खड़ा रहा।



