जालंधर। 1984 सिखों के कत्लेआम के आरोपी वरिष्ठ कांग्रेस के नेता जगदीश टाइटलर को कोर्ट से अग्रिम जमानत मिल जाने पर शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा सरकारों की नालायकी वजह से यह फैसला 40 सालों से न्याय के लिए भटक रहे पहले से ही निराश सिख परिवारों के घावों पर नमक छिड़कने के समान है।
सुखबीर बादल ने ट्वीट कर कहा कि कई सरकारें आईं और चली गईं, लेकिन सज्जन कुमार और उनके जैसे कुछ दोषियों को छोड़कर, कई आरोपी जो सिखों की हत्या में शामिल थे और जिन्होंने कांग्रेस सरकार के शासन में प्रतिष्ठित पदों पर रहकर सत्ता सुख भोगा है वह आज भी दिल्ली की सड़कों पर घूम रहे हैं। आज भी वह सलाखों के पीछे होने की बजाय सरकारों की कैबिनेट बर्थ का आनंद ले रहे हैं
CM भगवंत मान और केजरीवाल ने भी मिलाया कातिलों से हाथ
शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर बादल ने कांग्रेस के बनाए INDIA में शामिल आम आदमी पार्टी की भी घेराबंदी की है। उन्होंने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी उस पार्टी के साथ हाथ मिला लिया है जिसके हाथ निर्दोष सिखों के खून से सने हैं। न्याय हासिल करने में सिख अब उनसे किस मदद की उम्मीद कर सकते हैं?
साथ ही सुखबीर बादल ने लिखा है कि शिरोमणि अकाली दल ने न्याय के लिए लगातार लड़ाई लड़ी है और इस संघर्ष को और भी तेज करेंगे। उन्होंने कहा जगदीश टाइटलर को अग्रिम जमानत जांच एजेंसियों और अभियोजन पक्ष की निष्ठाहीनता को प्रदर्शित करता है। सुखबीर ने कहा कि हम तब तक चैन से नहीं बैठेंगे जब तक आखिरी हत्यारे या उनके साथियों को सजा नहीं मिल जाती।



