नई दिल्ली। दिल्ली में आए दिन तेज रफ्तार गाड़ियों की चपेट में आने से होने वाली घटनाएं सामने आती रहती हैं। ताजा मामला वेस्ट दिल्ली के मोती नगर इलाके का है। जहां बी एम डब्ल्यू कार चला रही एक महिला ने स्कूटी सवार शख्स को जोरदार टक्कर मार दी. स्कूटी सवार शख्स उछलकर नीचे गिरा। दुर्घटना के बाद कार चालक महिला ने पीड़ित को खुद पास के एबीजी अस्पताल भी पहुंचाया। जहां से उसके रिश्तेदार पीड़ित को ईएसआई अस्पताल ले गए। लेकिन घायल शख्स की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना रविवार तड़के 4 बजे की बताई जाती है। इस मामले में गिरफ्तार 28 वर्षीय महिला आरोपी को जमानत भी मिल गई है।
दिल्ली पुलिस के मुताबिक रविवार तड़के मोती नगर फ्लाईओवर के पास इस हादसे में एक 36 वर्षीय शख्स की मौत हो गई है। मृतक पास के बसई दारापुर गांव का रहने वाला बताया जा रहा है। हादसे के समय वह दवाई लेकर अपने घर जा रहा था। पुलिस के मुताबिक महिला अशोक विहार की रहने वाली है और ग्रेटर कैलाश से पार्टी अटेंड करके अपने घर जा रही थी। इस घटना के बाद पुलिस ने धारा 279/337 और 304A के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया था। फिलहाल आरोपी महिला को जमानत मिल गई है।



