दुबई। जानकारी के अनुसार टेनिस खिलाड़ी सानिया मिर्जा ने टेनिस से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। वह फरवरी में दुबई में होने वाले डब्ल्यू. टी ए. 1000 इवेंट में आखिरी बार कोर्ट पर उतरेंगी। सानिया ने तीन बार महिला डबलज़ का ग्रैंड स्लैम और तीन बार मिश्रित डबलज़ खिताब जीता है। वह इस महीने ऑस्ट्रेलियन ओपन में डबलज़ मुकाबले में उतरेंगी।
सानिया मिर्जा ने पिछले साल भी संन्यास की घोषणा की थी। हालांकि बाद में उन्होंने चोट के कारण अपना ऐलान वापस ले लिया था। एक टेनिस वेबसाइट को दिए अपने इंटरव्यू में कहा, ‘मैं चोट के कारण टेनिस से दूर नहीं रहना चाहती थी। इसलिए मैंने ट्रेनिंग शुरू की और रिटायर होने का फैसला वापस ले लिया। सानिया मिर्जा ने कहा कि वह 10 साल से दुबई में रह रही हैं। ऐसे में वह दुबई और हैदराबाद में अकादमियां खोलकर अपना अनुभव साझा करेंगी।
सानिया मिर्जा ने 2009 के ऑस्ट्रेलियन ओपन में मिश्रित डबलज़ में अपना पहला ग्रैंड स्लैम खिताब जीता था । इसके बाद उन्होंने 2012 में फ्रेंच ओपन में मिक्स्ड डबल्स का खिताब भी जीता था। इसके बाद उन्होंने 2015 में विंबलडन महिला डबलज़ खिताब जीता। इसी साल उन्होंने यूएस ओपन भी जीता था। उन्होंने 2016 ऑस्ट्रेलियन ओपन में महिला युगल में अपना तीसरा ग्रैंड स्लैम जीता, जबकि मिश्रित डबलज़ में उनका तीसरा ग्रैंड स्लैम 2014 यूएस ओपन में आया। 2011 में, वह फ्रेंच ओपन में महिला डबलज़ में उपविजेता रही।



