कीव। रूस ने सोमवार को तड़के यूक्रेन के पूर्वी शहर पावलोह्राद पर कई मिसाइलें दागीं जिसमें कम से कम 34 लोग घायल हो गए और कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यूक्रेन के संपूर्ण राजधानी क्षेत्र में देर रात तीन बज कर लगभग 45 मिनट पर हवाई हमले के सायरन बजने लगे। इसके बाद विस्फोटों की आवाजें सुनाई दीं क्योंकि इन मिसाइलों को यूक्रेनी रक्षा प्रणालियों द्वारा रोक दिया गया था।
यूक्रेनी सशस्त्र बलों के कमांडर-इन-चीफ वालेरी जालुजनी ने कहा कि मरमांस्क क्षेत्र और कैस्पियन क्षेत्र में कुल मिलाकर 18 क्रूज मिसाइलें दागी गईं और उनमें से 15 मिसाइलों को रोक दिया गया. कीव शहर के प्रशासन के प्रमुख सेरही पोपको ने कहा कि शहर में दागी गईं सभी मिसाइलों और कुछ ड्रोन को मार गिराया गया। उन्होंने कहा कि इस बारे में अधिक जानकारी बाद में उपलब्ध होगी।



