जमीयत-उलेमा हिन्द लुधियाना की मासिक बैठक में मुफ्ती मुहम्मद आरिफ लुधियानवी व अन्य पदाधिकारियों ने किए विचार व्यक्त
शेरपुर/लुधियाना, 16 नवम्बर। मौलाना फिरोज आलम कासमी नाजिम इस्लाहे-मुआशरा जमीयत उलेमा हिन्द लुधियाना की अगुवाई में नूरानी मस्जिद मुस्लिम कालोनी शेरपुर लुधियाना में आज जमीयत-उलेमा-हिन्द की मासिक बैठक आयोजित हुई। मुफ्ती मोहम्मद आरिफ लुधियानवी मुफ्ती शहर एवं अध्यक्ष जमीयत उलेमा लुधियाना ने इस अवसर पर कहा कि इन दिनों पंजाब भर में निकाह, शादियों का दौर चल रहा है इसलिए प्रादेशिक स्तर पर इमामों, उलेमा एवं दीनी व सामाजिक पदाधिकारियों को ऐसे घरानों के मुखियों से मुलाकातें करनी चाहिएं और निकाह के इस्लामी तसुव्वर की व्याख्या के साथ-साथ उन्हें शादी-ब्याह की बुरी चीजों से बचने के लिए प्रेरणा देनी चाहिए और यह कार्य निजी स्वार्थ हितों से ऊपर उठ कर पहल के आधार के पर करना चाहिए।
श्री लुधियानवी ने कहा कि समझ के बावजूद जो लोग गमी, खुशी के अवसर पर परम्पराओं को अंजाम देने से बाज न आएं तो ऐसे लोगों के इस तरह के अवसरों का खुलेआम बायकॉट किया जाए और हर आम व खास से उन प्रोग्रामों में शरीक न होने की अपील की जाए। उन्होंने कहा कि दिसम्बर की मीटिंग में इस संदर्भ में कोई ठोस कदम उठाया जाएगा।
हाजी मोहम्मद फुरकान खजांची जमीयत-उलेमा लुधियाना व कारी मुजाहिद-उल-इस्लाम इमाम व खतीब मदीना मस्जिद गुलाबी बाग लुधियाना ने कहा कि लुधियाना की तहसीलों खन्ना, जगराओं, समराला में जमीयत उलेमा की यूनिट्स स्थापित की जा चुकी हैं और अब शहर के सभी बड़े इलाकों में स्थानीय यूनिट स्थापित करने का आगाज भी इसी महीने से किया जा रहा है और इसकी शुरूआत टिब्बा रोड, ताजपुर रोड और सिविल लाइन से किया जा रहा है।
कारी मोहम्मद यूसुफ महासचिव जमीयत-उलेमा लुधियाना ने प्रतिनिधि से बातचीत करते हुए कहा कि नवम्बर में शहर के विभिन्न इलाकों पंजाबी बाग, रूपनगर और लक्खोवाल में इस्लाहे-मुआशरा के प्रोग्राम होंगे और मुफ्ती अब्दुल मलिक अध्यक्ष जमीयत-उलेमा जिला संगरूर, मुफ्ती हक नवाज कासमी जामिया फलाहे दारेन गोसपुर लुधियाना और मुफ्ती मोहम्मद आरिफ लुधियानवी, मुफ्ती शहर लुधियाना व अध्यक्ष जमीयत उलेमा-लुधियाना के भाषण होंगे।
हाजी मोहम्मद अनसार व हाफिज मोहम्मद आदिल ने बताया कि इस मीटिंग में यह भी तय पाया है कि नवम्बर को मालेरकोटला में होने वाले राज्य स्तर के तबलीगी इजतिमा के अवसर पर मालेरकोटला में एक चाय का स्टॉल लगाया जाएगा, जहां जमीयत-उलेमा मालेरकोटला, संगरूर एवं लुधियाना की ओर से इजतिमा में भाग लेने वालों के लिए मुफ्त चाय-नाश्ता का प्रबंध भी किया जाएगा।
साथ ही यह कि कल जुम्मे के दिन जमीयत-उलेमा-लुधियाना के प्रावधान में टिब्बा रोड पर एक मैडीकल कैम्प लगाया जाएगा जहां बिना किसी धर्म और जातपात से ऊपर उठकर सभी जरूरतमंद मरीजों का डाक्टर मोहम्मद गुफरान और अन्य डाक्टर साहिबान मैडीकल टैस्ट करेंगे और मुफ्त दवाइयां वितरित की जाएंगी।



