नेशनल, 9 अगस्त : दिल्ली वालों के लिए एक राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसमी रुझान कम से कम 14 अगस्त तक जारी रहेगा। इस दौरान कहीं हल्की बारिश होगी, तो कहीं तेज बौछारें पड़ने की संभावना है।राजधानी में मॉनसून इस समय पूरी तरह से सक्रिय है, जिससे बीते दो दिनों से रिमझिम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाई है।
मौसम विभाग के अनुसार, बुधवार रात और गुरुवार को सफदरजंग में 23.8 मिमी, पालम में 25.9 मिमी, लोदी रोड में 27.3 मिमी, रिज में 3.6 मिमी, आया नगर में 19.9 मिमी, डीयू में 4 मिमी, पूसा में 11.5 मिमी, नजफगढ़ में 87.5 मिमी, पीतमपुरा में 7.5 मिमी और मयूर विहार में 47 मिमी बारिश हुई।
गुरुवार को राजधानी के कुछ हिस्सों में रिमझिम बारिश होती रही, जबकि कुछ क्षेत्रों में दोपहर तक मौसम शुष्क रहा। बाद में इन इलाकों में भी बारिश हुई। बीच-बीच में सूरज भी दिखा, लेकिन अधिकतर समय बादल छाए रहे। राजधानी में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य है, जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। हवा में नमी का स्तर 72 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। पूर्वानुमान के मुताबिक, शुक्रवार को राजधानी में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की संभावना है।
(Note : पंजाब की जरूरी खबरें पढ़ने के लिए पंजाब टाइम्स न्यूज के वट्सएप ग्रुप https://shorturl.at/Qcuqm से जरूर जुड़ें।)



