Thursday, April 16, 2026
No menu items!
Google search engine

बागी पुलिसकर्मियों का प्रधानमंत्री एरियल हेनरी के घर पर हमला -गोलियां चलने की आवाज़ के दरमियान टायर जलाकर सड़कें कर दीं गईं जाम

Spread the News

पोर्ट-ओ-प्रिंस । कैरेबियाई देश हैती में गुरुवार को बागी पुलिसकर्मियों ने प्रधानमंत्री के घर पर हमला बोल दिया। उस वक्त पीएम एरियल हेनरी घर पर मौजूद नहीं थे। वे अर्जेंटीना से वापस लौट रहे थे। इसके बाद बागी पुलिसकर्मियों ने उस एयरपोर्ट को घेर लिया जहां एरियल हेनरी आने वाले थे। बड़ी मुश्किल से पीएम को सुरक्षित घर तक पहुंचाया गया। उनके घर के पास से गोलियां चलने की आवाज भी सुनी गई।

बागी पुलिसकर्मी अपने साथियों की हत्या के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे थे। बुधवार को क्रिमिनल गैंग्स ने 7 पुलिसकर्मियों को मार दिया था। जिसके बाद गुरुवार को सैकड़ों पुलिसकर्मी राजधानी पोर्ट-ओ-प्रिंस की सड़कों पर उतर गए। उन्होंने टायर जलाकर सड़कें जाम कर दीं, कई वाहनों में तोड़-फोड़ की और पीएम के घर में भी घुस गए।

हैती के पुलिसकर्मियों के राष्ट्रीय संगठन के मुताबिक, 2023 में अब तक 14 पुलिसकर्मी क्रिमिनल गैंग्स के हाथों जान गंवा चुके हैं। 25 जनवरी को हैती के एक कस्बे में हमलावरों ने पुलिस स्टेशन के अंदर घुसकर दो पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। वहीं चार पुलिस वालों को स्टेशन से बाहर निकालकर जान से मार दिया था।

प्रदर्शनकारी इन हत्याओं के लिए सरकार को जिम्मेदार मानते हैं। उनके मुताबिक, पीएम एरियल हेनरी ने गैंग्स को खत्म करने के लिए पर्याप्त कदम नहीं उठाए। हैती की मीडिया के मुताबिक, साल 2023 में किडनैपिंग के मामले भी बढ़े हैं। क्रिमिनल गैंग्स की वजह से राजधानी समेत कई शहरों में अशांति फैली हुई है। पीएम हेनरी के सत्ता में आने के बाद से 78 पुलिसकर्मियों की जान जा चुकी है। पुलिस क्रिमिनल गैंग्स को रोकने में नाकाम साबित हुई है।

अक्टूबर में मांगी थी इंटरनेशनल कम्यूनिटी से मदद
अक्टूबर 2022 में एरियल हेनरी की सरकार ने इंटरनेशनल कम्यूनिटी से मदद की गुहार लगाई थी। उन्होंने हैती की कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एक मल्टी-नेशनल सिक्योरिटी फोर्स भेजने की मांग की थी। उनकी इस गुहार के बाद अमेरिका और कनाडा ने आर्थिक मदद तो बढ़ाई थी लेकिन किसी भी देश ने सिक्योरिटी फोर्स नहीं भेजी थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments