जालंधर कांग्रेस भवन में शनिवार को नव नियुक्त शहरी प्रधान पूर्व विधायक राजिंदर सिंह बेरी की ताजपोशी के अवसर पर पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर पर जमकर तंज कसे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को खड़ा ग्रास रूट के कार्यकर्ताओं ने किया था, लेकिन इस पर कब्जा रजवाड़ाशाही ने कर लिया। इसी का नुकसान पंजाब में कांग्रेस पार्टी को झेलना पड़ा।
कैप्टन दफ्तर में नहीं बल्कि घर पर लगाते थे दरबार
राजा वडिंग ने कहा कि वह नीचे बूथ-ब्लाक से चलकर पहले आल इंडिया यूथ कांग्रेस के प्रधान पद पर पहुंचे और उसके बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रधान बने। जब कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी के प्रधान थे वह कभी कांग्रेस के दफ्तर में ही नहीं आते थे। जब सीएम बने तो दरबार उनके महल में ही लगता था। इसी रजवाड़ाशाही ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा कि कैप्टन अपने खासमखास लोगों से मिलते थे बाकी को उनके गनमैन बाहर से ही निपटा देते थे। उन्होंने कहा विधायक तक कैप्टन से नहीं मिल पाते थे।
कैप्टन ने खुद को पार्टी से ऊपर समझना शुरू कर दिया था
प्रदेश कांग्रेस प्रधान ने कहा कि पार्टी सबसे ऊपर होती, लेकिन प्रदेश में कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने आप को पार्टी से भी ऊपर समझना शुरू कर दिया था। सिर्फ पंजाब ही नहीं, बल्कि और राज्यों में भी कुछ महाराजाओं के ऐसे ही हालात थे। कुछ लोग पार्टी की वजह से पूंजीपति बन गए और उन्होंने डिक्टेटर शिप शुरू कर दी। पार्टी हाईकमान ने जब इनके अहंकार को तोड़ने के लिए पदों से उतारा को यह बगावत पर उतर आए। पार्टी से बाहर निकालते ही यह सब मिट्टी में दफन हो गए।



