चंडीगढ़, 3 दिसंबर। पंजाब में बारिश ने दस्तक दे दी है। दरअसल, आज सुबह अमृतसर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे ठंड बढ़ गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, पाकिस्तान-अफगानिस्तान सीमा पर पश्चिमी विक्षोभ टर्फ सक्रिय हो गया है, लेकिन बहुत कमजोर स्थिति में है, जिसके कारण आज सुबह हल्की बारिश हुई है।
दिसंबर का महीना भले ही शुरू हो गया है लेकिन अभी तक ठंड इतनी नहीं पड़ी है। अन्य शहरों में भी दोपहर में तेज धूप के कारण गर्मी महसूस की जा रही है। बताया जा रहा है कि आज हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान है, जिसका असर पंजाब के मौसम पर पड़ेगा और तापमान में हल्की गिरावट हो सकती है। हालांकि आज सीमावर्ती इलाकों में हल्की बारिश हुई, लेकिन आने वाले दिनों में पंजाब में बारिश की संभावना बहुत कम है।
वहीं, पंजाब और चंडीगढ़ में पराली जलाने की कम घटनाएं दर्ज की गई हैं, जिससे वायु प्रदूषण में सुधार हो रहा है। सरकार का अनुमान है कि इस साल 70 फीसदी कम पराली जलाई गई है। पंजाब में AQI की बात करें तो राज्य में यह 200 से कम पाया गया, जबकि बठिंडा में AQI 72 और खन्ना में 97 दर्ज किया गया।



