लखनऊ। यूपी का मौसम आज फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने 14 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। लखनऊ में बादल छाए रहने के साथ बारिश की संभावना है। झांसी में सुबह से बादल छाए हैं। बुधवार को 37°C के साथ प्रयागराज और झांसी प्रदेश में सबसे ज्यादा गर्म रहे हैं। वहीं, 13.5°C के साथ मुजफ्फरनगर सबसे ठंडा शहर रिकॉर्ड किया गया है।
मौसम विभाग ने बुलंदशहर, संभल, कासगंज, एटा, फिरोजाबाद, आगरा, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, उन्नाव, रायबरेली, हमीरपुर, बांदा और चित्रकूट जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान इन जिलों में 40- 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चलेंगी और बिजली की गरज चमक भी देखने को मिलेगी। लखनऊ में अनुमान है कि न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री के आस-पास रहेगा। अधिकतम तापमान 28 से 30°C तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।
पहाड़ी राज्यों में मौसम ने करवट ली है। इसलिए यूपी के तराई इलाकों में अचानक मौसम बदल गया। मौसम विभाग ने 16 और 17 मार्च के आस-पास मौसम बदलने का अलर्ट जारी किया था। राजधानी लखनऊ में गुरुवार सुबह से ही बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के पूर्वा अनुमान के अनुसार, 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। इससे गर्मी से राहत मिलेगी। मगर, बदलते मौसम की वजह से सर्दी, जुकाम जैसे मरीजों की संख्या जरूर बढ़ेगी।
कानपुर में दिन में गर्मी से राहत खत्म होने लगी है। लगातार पारा चढ़ने से तपिश बढ़ गई है। बुधवार को दिन का तापमान 24 घंटे में 1.4 से बढ़कर 34.4 °C रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 16 से 21 मार्च तक आंधी, पानी और ओला गिरने की संभावना है। 72 घंटों से दिन का पारा लगातार बढ़ रहा है। गुरुवार शाम से मौसम में बदलाव के आसार हैं, जो अगले कई दिन बना रहेगा। लगातार एक जैसा मौसम नहीं रहेगा।



