तरनतारन, 8 नवंबर | पंजाब के तरनतारन जिले से ट्रिपल मर्डर की घटना सामने आई है। यह घटनी पट्टी विधानसभा क्षेत्र के तुंग गांव में हुई है। यहां दो महिलाओं और एक पुरुष की हत्या कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही हरिके पुलिस मौके पर पहुंच गई। डीएसपी भट्टी जसपाल सिंह ढिल्लों समेत थाना हरिके की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के हरिके फॉल क्षेत्र के अंतर्गत तुंग गांव में बीती रात पति-पत्नी और जीजा-साले की हत्या कर दी गई है। मृतकों की पहचान इकबाल सिंह, उनकी पत्नी लखविंदर कौर और भाभी सीता कौर के रूप में हुई है। तीनों के शव अलग-अलग कमरों में पाए गए और उनके चेहरे टेप से ढके हुए थे।
बताया जा रहा है कि लूट के इरादे से देर रात यह घटना हुई है, जिसकी पुलिस गहनता से जांच कर रही है। मृतक इकबाल सिंह का बेटा विदेश में रहता है और बेटियों की शादी हो चुकी है। सूत्रों से पता चला है कि काम के लिए लंबे समय से घर पर रखा गया एक प्रवासी मजदूर हत्या के बाद से फरार है, जिसकी पुलिस जांच में जुट गई है।



