जयपुर/जैसलमेर, 9 मई। पुलवामा हमले के जवाब में भारत द्वारा की गई एयर स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान ने एक बार फिर राजस्थान को निशाना बनाने की कोशिश की। 1971 के बाद यह पहला मौका है जब पाकिस्तान ने राज्य के सैन्य ठिकानों पर हमले किए हैं, लेकिन भारतीय सेना की सतर्कता और अत्याधुनिक तकनीक ने उनकी सभी कोशिशों को नाकाम कर दिया।
पहला हमला: 7-8 मई की रात, पाकिस्तान ने उत्तरलाई, नाल और फलोदी एयरबेस को निशाना बनाकर मिसाइल दागीं। भारत के एस-400 एयर डिफेंस सिस्टम ने सभी मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया।
दूसरा हमला: 8 मई की रात करीब 9 बजे, जैसलमेर-पोकरण सैन्य ठिकानों पर ड्रोन के झुंड (Swarm Attack) से हमला किया गया। भारतीय सेना ने सभी ड्रोन को आसमान में ही मार गिराया।
ब्लैकआउट, ट्रेनें रद्द, एयरपोर्ट बंद
सुरक्षा के मद्देनज़र जोधपुर, जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, श्रीगंगानगर और पाली जिलों में ब्लैकआउट रहा। जैसलमेर में रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक ब्लैकआउट जारी रहेगा। जैसलमेर से चलने वाली 4 ट्रेनें आज रद्द कर दी गई हैं। सरहदी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए हैं।



