जालंधर। पंजाब में सतलुज दरिया के साथ लगते जालंधर के सब डिवीजन शाहकोट में लोहियां इलाके में लक्खे दिआं छन्ना में 2 जगह धुस्सी बांध टूट गया। इसके अलावा सुल्तानपुर लोधी के पास मंडाला में भी धुस्सी बांध दो फाड़ हो गया। धुस्सी बांध के ऊपर से गांवों को सड़क जाती थी वह भी कट गई है। इसी दौरान लोहियां में पानी के बहाव में फंसा एक युवक अपनी बाइक को निकालते हुए बह गया। बाइक तो मिल गई, लेकिन युवक का अभी कुछ पता नहीं चला है। लोगों ने बताया कि धुस्सी बांध में 2 जगह बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं, जिसकी वजह से गांवों में पानी घुस गया है।
लोगों को रेस्क्यू करने के लिए देर रात से NDRF की टीम का ऑपरेशन जारी है। वहीं इसी बीच प्रशासन ने सतलुज में बढ़ रहे पानी के खतरे को देखते हुए शाहकोट उपमंडल के बाढ़ प्रभावित 50 गावों को खाली करवाने का अभियान छेड़ दिया है। सुल्तानपुर लोधी के पास मंडाला में धुस्सी बांध टूटने से गांवों में पानी घुस गया है। मौके पर राज्यसभा सांसद संत बलवीर सिंह सीचेवाल पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि जो धुस्सी बांध सतलुज के पानी से दोफाड़ हुआ है, वब इतना चौड़ा था कि उस पर तीन-तीन गाड़ियां एक ही समय में क्रॉस सकती हैं। लेकिन कुदरत के आगे किसी का जोर नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी तरफ से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए पूरे प्रयास कर रही है।



