वक्फ एक्ट वापस लेने तक जारी रहेगा संघर्ष: नईम खान
जालंधर, 11 अप्रैल। वक्फ संशोधन एक्ट के खिलाफ मुस्लिम संगठन की जानिब से मोहम्मद निजाम की अध्यक्षता में आज शुक्रवार की नमाज के बाद जामा मस्जिद बारादरी से रोष मार्च निकाला गया। जिसमें सभी धर्म के लोग शामिल हुए। प्रदर्शन कर रहे लोगों के हाथों में तख्ती थीं, जिसमें वक्फ संशोधन कानुन के खिलाफ स्लोगन लिखे थे।
वक्फ संशोधन पर मुस्लिम संगठन पंजाब के प्रधान एडवोकेट नईम खान ने कहा कि वक्फ की जमीन सरकार की नहीं होती बल्कि यह दान की जमीन होती है जो लोगों ने अपनी निजी संपत्ति से दी होती है, लेकिन सरकार ऐसे काम कर रही है जैसे वक्फ ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर रखा हो।
अधिवक्ता नईम खान ने कहा कि विवादास्पद वक्फ संशोधन एक्ट में न केवल गंभीर खामियां हैं, बल्कि यह संविधान में निहित कई मौलिक अधिकारों का भी गंभीर उल्लंघन करता है। एडवोकेट नईम खान ने कहा कि केंद्र सरकार वक्फ बिल पास करके मुसलमानों का हक लेना चाहती है। यह एक्ट मुसलमानों के खिलाफ है। एक्ट वापस लेने तक संघर्ष जारी रहेगा।
प्रधान कुलविंदर सिंह बड़ेच ने कहा कि अब जरुरत है की सभी धर्म के लोग एक प्लेटफार्म पर आकर बीजेपी सरकार के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजाएं। हम मुस्लिम समाज के साथ हैं और हर तरह से रहेंगे। मुस्लिम संगठन नवांशहर के प्रधान मोहम्मद निजाम ने कहा की केन्द्र सरकार ने वक्फ एक्ट वापस नही लिया तो संघर्ष और तीखा किया जाएगा।




