कार्य लगभग 2 से ढाई साल में हो जायेगा पूरा- निर्माण की तैयारियां जोरों पर
मुक्तसर । अमृत भारत योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा 40 मुक्तों की पवित्र धरती मुक्तसर के रेलवे स्टेशन का 21 करोड़ की लागत से कायाकल्प कराया जा रहा है। जिसकी आधारशिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल रखी गई। मुक्तसर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए 21 करोड़ रुपए की राशि मंजूर की गई है। जिससे मुक्तसर रेलवे स्टेशन विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन के रूप में विकसित किया जाना है।
बता दें कि अमृत भारत स्टेशन योजना के अधीन रेलवे मंडल फिरोजपुर के 14 स्टेशनों को शामिल किया है, जिसमें कोटकपूरा, फिरोजपुर, फाजिल्का, पठानकोट, गुरदासपुर, मोगा, फगवाड़ा, कपूरथला, ढंडारी कला, मुक्तसर, जालंधर, उदमपुर, लुधियाना, जम्मू तवी के नाम शामिल हैं, जिसके तहत सभी स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ नवीनीकरण का नया रूप दिया जाएगा।
पुनर्विकास में ये कार्य होंगे शामिल मुक्तसर के रेलवे स्टेशन को भी अमृत सिटी भारत स्टेशन के अधीन लाकर इसे मॉडल स्टेशन का रूप दिया जा रहा है, जिसके निर्माण की तैयारियां जोरों से शुरू हो गई हैं। यह कार्य लगभग 2 से ढाई साल में पूरा हो जाएगा। मुक्तसर रेलवे स्टेशन के नवीनीकरण में मुख्य तौर पर 600 मीटर लंबा यात्री प्लेट फॉर्म, 150 मीटर लंबा नया यात्री शेड व स्टेशन के सामने नया पार्क तैयार किया जा रहा है। इसके साथ ही नया ऐसी वेटिंग हॉल, शौचालय, डबल एंट्री गेट, गांधी नगर से एंट्री गेट तैयार होगा।



