श्री मुक्तसर साहिब, 10 अक्तूबर |
फरीदकोट में शोकसभा से लौट रही क्रूजर गाड़ी ब्रेक फेल होने से पलट गई। हादसे में कार सवार 1 शख्स की मौत हो गई जबकि 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसा सोमवार देर रात मलोट के बम गांव के पास हुआ। घायलों में से 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि गाड़ी की स्पीड 100 के आसपास थी जो डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
जानकारी के अनुसार अबोहर की रेगर बस्ती निवासी धर्म चंद, प्रेम, वीना, सुनीता, बिमला, विनोद, रवि, सतपाल, सुरिंदर और पप्पू एक शोक सभा में शामिल होने के लिए अबोहर से फरीदकोट गए थे। इन सभी ने अबोहर से एक क्रूजर गाड़ी किराये पर बुक की थी और उसी में वापस लौट रहे थे। रात को जब उनकी कार मलोट के बम गांव के पास पहुंची तो अचानक कार की ब्रेक फेल हो गई, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में अबोहर निवासी धर्म चंद (52) की मौत हो गई। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराने की बजाय सीधे अबोहर के सिविल अस्पताल लाया गया। जहां प्रेम, वीना, सुनीता और बिमला को गंभीर हालत के चलते रेफर कर दिया गया, जबकि बाकी घायलों का इलाज अबोहर सिविल अस्पताल में चल रहा है।



