माफी मांगता रहा, लेकिन किसी ने एक न सुनी-राहगीरों ने तड़पता देख अस्पताल पहुंचाया-
लुधियाना। गुरु हरि राय नगर में देर रात बाइक पर ड्यूटी से वापस घर जा रहे पुलिस वालंटियर पर कुछ लोगों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। शोर शराबा सुन लोग इकट्ठा होते देख हमलावर मौके से फरार हो गए। खून से लथपथ हालत में तड़पते वालंटियर को इलाके के लोगों ने तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया।
घायल वालंटियर के भाई ललित ने बताया कि बीते दिन उसके दोस्त निर्मल का मोहल्ले में किसी से 2 हजार रुपए का लेन-देन था। जिस कारण इलाके में उसकी कुछ लोगों से कहासुनी भी हुई थी। दोनों पक्षों को पुलिस ने थाना में बुलाया था। उन लोगों ने जसबीर को सिर्फ थाना साथ चलने के लिए कहा था। थाना में भी जसबीर की किसी से कोई बहसबाजी नहीं हुई। देर रात जब वह डयूटी से वापस घर आ रहा था तो कुछ अज्ञात लोगों ने उस पर हमला कर दिया। हमलावरों में एक महिला भी थी। महिला की जसबीर को पहचान है। ये वही महिला है जो उनके इलाके में और थाना में दूसरे पक्ष के साथ आई थी।
घायल जसबीर ने कहा कि वह पिछले 5 साल से पंजाब पुलिस में वालंटियर के रूप में काम कर रहा है। उसकी बाजू में पहले भी प्लेट पड़ी हुई है। हमलावरों ने उसकी बाजू पर तेजधार हथियार से हमला किया है। उनसे मारपीट का कारण पूछ माफी भी मांगता रहा, लेकिन किसी ने उसी एक न सुनी। वहीं थाना सलेम टाबरी के SHO हरजीत सिंह ने कहा कि मामला उनके ध्यान में है। जांच की जा रही है।



