जालंधर। दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस वे काम के दौरान करतारपुर के बसरामपुर में करीब 80 फुट गहरे बोरबेल में गिरे हरियाणा के जींद निवासी मैकेनिक सुरेश को बचाने के लिए अब भी प्रयास जारी हैं। शनिवार शाम को 7 बजे बोरबेल में गिरे सुरेश को अभी तक NDRF की टीम बाहर नहीं निकाल पाई है। सुरेश को बोरवेल में फंसे 40 घंटे हो गए हैं। बचाव कार्य में सबसे बड़ी बाधा नजदीक में ही स्थित एक पानी से भरा तालाब (छप्पड़) पैदा कर रहा है।
मुलायम मिट्टी होने से बार-बार नीचे मिट्टी गिर रही है। इसकी वजह से समय ज्यादा लग रहा है। 4 से 5 जेसीबी मशीनें लगातार मिट्टी बाहर निकाल रही है। अब तक 120 के करीब टिप्पर मिट्टी के निकाले जा चुके हैं। NHAI और NDRF की टीमें लगातार सुरेश को बाहर निकालने के प्रयास कर रही है लेकिन मौजूदा हालात को देखकर लग रहा है अभी और भी कई घंटे सुरेश को बाहर निकालने में लग सकते हैं।



