मुंबई। सलमान खान बॉलीवुड इंडस्ट्री के सुपरस्टार्स में से एक हैं। बॉक्स ऑफिस पर फिल्में चलाने के लिए सिर्फ उनका नाम ही काफी होता है। लेकिन जिस मुकाम पर आज सलमान हैं वहां पर उनके छोटे भाई सोहेल खान कभी नहीं पहुंच पाए जबकि वह डायरेक्टर, प्रोड्यूसर और एक्टर भी हैं। आज हम आपको सोहेल खान की एक्टिंग जर्नी बताते हैं…
सोहेल ‘खान’ परिवार के वो स्टार हैं, जो आज तक अपने दम पर एक फिल्म भी हिट नहीं दे पाए हैं। उन्होंने साल 2002 में बॉलीवुड में धमाकेदार एंट्री मारी थी। फिल्म में शानदार गाने, बड़े स्टार और खूब फाइट सीक्वेंस थे, इसके बावजूद उनका जादू नहीं चला।
ये एक लव स्टोरी फिल्म थी, जिसमें ढेर सारा एक्शन भी था, लेकिन इस फिल्म को लेकर ऑडियंस ने बिल्कुल भी दिलचस्पी नहीं दिखाई। नतीजा ये हुआ था कि पहली फिल्म ही बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हो गई थी। इस फिल्म में सोहेल खान ना सिर्फ लीड हीरो के रोल में नजर आए थे बल्कि इसका निर्देशन भी उन्होंने खुद किया था।
वहीं, मूवी के को-प्रोड्यूसर भी सोहेल ही थे, लेकिन एड़ी-चोटी का जोर लगाने के बाद भी फिल्म नहीं चली। ‘मैंने दिल तुझको दिया’ में सोहेल के अलावा समीरा रेड्डी, नीरज वोरा, संजय दत्त और राजपाल यादव जैसे सितारे दिखे थे।
पिछले 21 साल के करियर में सोहेल खान की फिल्म ‘डरना मना है’, ‘कृष्णा कॉटेज’, ‘फाइट क्लब’, ‘गॉड तुस्सी ग्रेट हो’, ‘हेलो’, ‘हीरोज़’, ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ जैसी फिल्में फ्लॉप साबित हुई हैं। साल 2019 में आई बड़े भाई सलमान खान की ‘दबंग 3’ में सोहेल खान ने कैमियो किया था, लेकिन ये मूवी भी बॉक्स ऑफिस पर पिट गई थी।
सोहेल खान की डिजास्टर फिल्मों की लिस्ट में ‘आई प्राउड टू बी इंडियन’, ‘लकीर’, ‘आर्यन’, ‘सलाम ए इश्क’, ‘टीम- द फोर्स’, ‘किसान’, ‘मैं और मिसेज़ खन्ना’ शामिल हैं। ‘ट्यूबलाइट’ और ‘वीर’ बिलो एवरेज हुई थीं। वहीं, ‘जाने तू या जाने ना’ सुपरहिट थी, लेकिन इसमें सोहेल खान का सिर्फ गेस्ट अपीयरेंस था। पिछले कई सालों से सोहेल खान सिल्वर स्क्रीन से दूर हैं, लेकिन वह कभी-कभी पब्लिक में नजर आते रहते हैं।




