लुधियाना, 23 जनवरी | दुगरी इलाके से एक वीडियो सामने आया है। यहां बाइक सवार लुटेरों को लोगों ने खंभे से बांधकर जमकर पीटा। ये युवक खुद को निगम कर्मचारी बताकर दुकानदारों से पैसे वसूल रहे थे। ये बदमाश एक दुकानदार से पैसे मांग रहे थे। जब उसने उनका विरोध किया तो बदमाशों ने उसकी गर्दन पर चाकू रख दिया।
मौके पर हंगामे के बाद 2 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया लेकिन 2 भाग निकले। पुलिस ने लुटेरों के पास से तेजधार हथियार भी बरामद किए हैं। दरअसल, दुगरी नहर पर लाइटों के पास कुछ दुकानें लगी हुई थीं।
दुकानदार विजय ने बताया कि चार युवक बाइक पर आए। दो बाइक पर बैठे थे और दो उनके पास आए और कहा कि वे निगम के कर्मचारी हैं। दोनों ने पूछा कि उनकी दुकान किसकी अनुमति से लगाई गई है। उनसे निगम की पर्ची दिखाने को कहा।
उन्होंने उस पर पर्ची के 300 रुपये देने का दबाव बनाया। उन्होंने कहा कि वह निगम कार्यालय जाकर पर्ची बनवायेंगे। यह सुनकर गुस्साए बदमाशों ने छेनी निकालकर उसकी गर्दन पर रख दी। विजय के मुताबिक उनके पिता भी वहां थे। उसने शोर मचाया तो लोग एकत्र हो गए।
बाइक पर सवार दो युवक भाग निकले। लोगों की मदद से दुकान पर खड़े बदमाशों पर काबू पाया गया। लोगों ने उन्हें खंभे से बांध दिया और बुरी तरह पीटा। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पीसीआर टीम ने बदमाशों को आत्मा पार्क चौकी पुलिस को सौंप दिया।
इस घटना के बाद तहबाजारी इंस्पेक्टर अजय ने मीडिया को बताया कि उनकी टीम शहर में रेहड़ी वालों को पर्ची भी देती है। अगर कोई दुकानदार के पास आकर खुद को निगम का कर्मचारी बताता है तो उसका आई डी कार्ड अवश्य जांचा जाए।



