लुधियाना, 22 जनवरी। लुधियाना में चंडीगढ़ रोड पर भामियां कलां इलाके में जीआरडी अकादमी के पास रहने वाले एक युवक ने शनिवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता तब चला जब परिवार देर रात एक शादी समारोह से लौटा। परिजनों ने घर का दरवाजा काफी खटखटाया लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला।
बता दें कि परिवार के लोग पड़ोसी के घर से दीवार फांदकर उनके घर में दाखिल हुए। परिजनों ने देखा कि युवक चुन्नी के सहारे पंखे से लटका हुआ है। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक की पहचान 24 वर्षीय गौरव कुमार के रूप में की गई है।
जानकारी देते हुए मृतक के पिता नंद किशोर ने बताया कि गौरव कारों पर डेंट पेंट करने का काम करता था। पिता नंद किशोर के मुताबिक, उनके बेटे गौरव को करीब 3 साल पहले कालका की एक लड़की अपने रिश्तेदार के घर पर मिली थी।
जिसके बाद उक्त लड़की लुधियाना आ गई और अपनी मौसी के घर रहकर यहीं पढ़ाई करने लगी। इस दौरान दोनों अक्सर मिलने लगे, जिसके बाद दोनों ने शादी करने का फैसला किया। पिता के मुताबिक उक्त लड़की अक्सर उसके घर आती थी। लड़की और गौरव के बीच प्रेम संबंध की जानकारी लड़की के भाई को हो गई थी, जो उनकी शादी के लिए तैयार था।
इसके साथ ही लड़की की मां और परिवार के कुछ अन्य सदस्य उस पर विदेश में रहने वाले एक युवक से शादी करने का दबाव बना रहे थे। जिसके चलते वह पिछले कई दिनों से युवक को फोन कर धमकी दे रहा था। इससे दुखी होकर उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली। परिजन जमालपुर थाने में शिकायत दर्ज करायेंगे। फिलहाल परिजनों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया है।



