गुरुग्राम/हरियाणा। साइबर सिटी गुरुग्राम में ऑनर किलिंग का दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है। जहां सेक्टर-102 में स्थित रॉफ अलायस सोसायटी के एफ टावर 201 फ्लैट में 22 वर्षीय अंजली नाम की युवती को उसके माता-पिता औऱ भाई ने मिलकर बेहरमी से मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार अंजली ने बीते साल ही अपने गांव के संदीप नाम के लड़के से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था। जिसे लेकर परिवार नाराज था। दरअसल अंजली का भाई राहुल भी अपनी बहन के साथ ही फ्लैट में रहता था। जैसे ही अंजली का पति संदीप तीज के त्यौहार पर अपनी बहन के घर गया तो राहुल ने अपने माता- पिता को संदीप के घर से बाहर जाने के खबर दे दी। अंजली के घर पर अकेले होने का फायदा उठाते हुए अंजली के माता- पिता भी झज्जर से गुरुग्राम अंजली के फ्लैट पर आ पहुंचे और तीनो ने मिलकर अंजली को मौत के घाट उतार दिया।
इतना ही नहीं पुलिस से बचने और सबूत मिटाने के चक्कर में अंजली की डेड बॉडी को भी अपने साथ ले गए और बॉडी का अंतिम संस्कार भी कर दिया। हैरानी की बात ये है कि जिस भाई ने लव मैरिज करने के लिए अंजली को मौत के घाट उतारा उस कातिल भाई ने खुद भी प्रेम विवाह ही किया था। फिलहाल पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



