मुज़फ्फरनगर ,2 सितम्बर। जमीयत उलेमा-ए-हिंद की ज़िला यूनिट मुज़फ्फरनगर ने पंजाब में आई भयावह बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए एक लाख रुपये की राहत सामग्री और मदद पहुँचाने का अहम ऐलान किया है। ज़िला अध्यक्ष मौलाना मुकर्रम अली क़ासमी ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि जमीयत उलेमा-ए-हिंद हमेशा से हर मुश्किल घड़ी में देश के मजलूमों और मुसीबतज़दा इंसानों के साथ खड़ी रही है। आज जब पंजाब में बाढ़ से भारी तबाही हुई है, हज़ारों परिवार बेघर हो गए हैं और मवेशी मर गए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे हालात में खाने-पीने की चीज़ों और अन्य ज़रूरी सामान की सख्त कमी हो गई है, इस समय हमारा फ़र्ज़ है कि हम उनका सहारा बनें।
मौलाना मुकर्रम अली क़ासमी ने बताया कि ज़िला जमीयत उलेमा-ए-हिंद की ओर से राहत सामग्री इकट्ठा करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसमें अनाज, दाल, आटा, चावल, पीने का पानी, दवाइयाँ, कपड़े और अन्य ज़रूरी सामान शामिल है। यह राहत सामग्री बहुत जल्द पंजाब के बाढ़ प्रभावित इलाकों तक पहुँचाई जाएगी। इस मौके पर मौलाना मुकर्रम अली क़ासमी ने तमाम ज़िम्मेदारों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से ख़ास अपील की कि वे इस मुहिम में आगे आएँ और अपनी हैसियत के मुताबिक राहत सामग्री और आर्थिक सहयोग पेश करें। उन्होंने कहा कि आज पंजाब के बाढ़ प्रभावित हमारे भाई-बहन सख़्त परेशानी में हैं। इंसानियत का तक़ाज़ा है कि हम उनके दुख को अपना दुख समझें और हर संभव मदद करें। आप सबसे गुज़ारिश है कि ज़्यादा से ज़्यादा राहत सामग्री और आर्थिक सहयोग जमा कराके इस नेक काम में शरीक हों। मौलाना ने कहा कि इस तरह की इंसानी मदद से समाज में भाईचारे और हमदर्दी की मिसाल क़ायम होती है और यही जमीयत उलेमा-ए-हिंद का मक़सद है। उन्होंने उम्मीद ज़ाहिर की कि ज़िला मुज़फ्फरनगर के लोग हमेशा की तरह इस नेक काम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और पंजाब के प्रभावित भाइयों तक राहत पहुँचाने में अपनी अहम ज़िम्मेदारी अदा करेंगे।
जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अधिकारियों ने भारत सरकार से भी माँग की कि वह फ़ौरन राहत प्रदान करे और बचाव व राहत कार्यों में तेजी लाए। इस मौके पर ज़िला जनरल सेक्रेटरी मौलाना अब्दुल ख़ालिक क़ासमी, ज़िला सीनियर नायब सदर व ज़िला मीडिया इंचार्ज मोहम्मद आसिफ़ क़ुरैशी और मौलाना सुहैल अख्तर रहिमी भी मौजूद रहे।



