जालंधर, 30 जनवरी | जालंधर स्थित शक्ति पीठ श्री देवी तालाब मंदिर के जलाशय में एक व्यक्ति का शव मिला है। घटना के बारे में सबसे पहले एक सर्विसमैन को पता चला। इसके बाद मामले की सूचना श्री देवी तालाब मंदिर की सुरक्षा को दी गई। थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस घटना स्थल पर जांच के लिए पहुंची। जिन्होंने शव को अपने कब्जे में ले लिया है।
थाना-8 के SHO प्रदीप सिंह ने बताया कि हमें सुबह करीब 11.45 बजे सूचना मिली। जिसके बाद एक टीम को जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है कि ये आत्महत्या है या हादसा, पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। मामले की जानकारी मंदिर समिति को भी दे दी गई है।
मुख्य मंदिर के पास मिला शव
श्री देवी तालाब मंदिर के सुरक्षा प्रभारी सब इंस्पेक्टर सोढ़ी लाल ने बताया कि मृतक की पहचान साहिल श्यामा (33) पुत्र बलविंदर कुमार श्यामा के रूप में हुई है। एसआई सोढ़ी लाल ने बताया कि यह शव मुख्य मंदिर के पास से बरामद किया गया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि शव करीब 2 दिन पुराना है, क्योंकि शव बुरी तरह फूल गया था।
आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद
पुलिस ने मृतक के पास से एक आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया है। जिस पर सोढल नगर से सटे शिव नगर का पता लिखा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल जालंधर भेज दिया है। साथ ही एक टीम मृतक के घर भी भेजी गई है। फिलहाल परिवार के किसी भी सदस्य ने पुलिस को बयान दर्ज नहीं कराया है। बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



