पानीपत। हरियाणा के पानीपत शहर में बलजीत नगर नाका के पास नाले की पुलिया पर स्कूटी सवार 2 बदमाशों ने चाकू की नोंक पर कार चालक को लूट लिया। बदमाशों ने धमकाते हुए करनाल निवासी जागरण पार्टी संचालक की सोने की चेन, कैश और कार की चाबी लूटी व मौके से फरार हो गए। जिसकी शिकायत पीड़ित ने पुलिस को दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।
चांदनीबाग थाना पुलिस को दी शिकायत में ब्रिजेश ने बताया कि वह धर्मबीर कॉलोनी, अनाज मंडी, घरौंडा, करनाल का रहने वाला है। 13 मार्च को वह अपनी ससुराल धूप सिंह नगर, पानीपत में आयोजित एक शादी समारोह में आया था। शाम को वह अपनी कार में अकेला अपने घर घरौंडा के लिए चला था।
युवकों ने कार के आगे अड़ाई स्कूटी
वह रात 09:35 बजे बबैल रोड, बलजीत नगर नाले पर पुलिया के सामने पहुंचा। उस वक्त उसकी कार का ड्राइवर साइड का शीशा नीचे उतरा हुआ था। इसी दौरान दो लड़के स्कूटी पर आए और स्कूटी कार के आगे अड़ा दी। जिसके बाद उसने कार रोक ली।
इसी दौरान स्कूटी पर पीछे बैठे युवक ने नीचे उतरकर उसे चाकू नुमा वस्तु दिखाई और उससे 2 तोले सोने की चेन, 5 हजार कैश व कार की चाबी लूट ली। इसके तुरंत बाद बदमाश वहां से फरार हो गए। बदमाश HR06J8699 नंबर की स्कूटी पर सवार थे।



