नई दिल्ली। कांग्रेस ने पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में अपने स्वर्गीय सांसद संतोख चौधरी की पत्नी कर्मजीत कौर को उतारने का फैसला किया है। कर्मजीत कौर की उम्मीदवारी की घोषणा सोमवार को की गई। संतोख चौधरी का इसी साल 14 जनवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अचानक हार्ट अटैक से निधन हो गया था।
संतोख चौधरी के निधन से खाली हुई जालंधर लोकसभा सीट पर नियमानुसार 6 महीने में उपचुनाव करवाना ज़रूरी है। छह महीने की अवधि जुलाई में पूरी हो रही है। उससे पहले ही कांग्रेस ने संतोख चौधरी की पत्नी कर्मजीत कौर को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया है।
जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस हाईकमान ने सोमवार सुबह ही संतोख चौधरी की पत्नी कर्मजीत कौर चौधरी को नई दिल्ली बुलाया था। उसके बाद से ही कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस पार्टी उपचुनाव में उन्हें उम्मीदवार बना सकती है।एवं सोमवार दोपहर बाद उनके नाम का ऐलान कर दिया गया।
कर्मजीत कौर की उम्मीदवारी से जुड़ा लैटर कांग्रेस पार्टी की सेंट्रल इलेक्शन कमेटी (CEC) के महासचिव मुकुल वासनिक ने जारी किया। इस लैटर में कहा गया कि कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कर्मजीत कौर को जालंधर लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी का उम्मीदवार बनाने का फैसला किया है।



