नई दिल्ली। हार्दिक पांड्या की कप्तानी में भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में 2-1 से जीत हासिल की। बता दें कि हार्दिक पांड्या ने घर में पहली बार सीरीज जीती है। भारत ने तीसरे टी-20 मैच में श्रीलंका को 91 रनों से मात दी। इस जीत के बाद कप्तान पांड्या ने अपनी लीडरशिप पर बयान दिया। उन्होंने एमएस धोनी नहीं बल्कि भारत के पूर्व खिलाड़ी आशीष नेहरा को अपनी सफल कप्तानी का श्रेय दिया है।
दरअसल, भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 सीरीज को 2-1 से जीत लिया है। हार्दिक पांड्या की कप्तानी इस सीरीज में सफल नजर आई और उन्होंने मैच के बाद गुजरात टाइंटस के कोच आशीष नेहरा को इसका श्रेय दिया। उन्होंने बताया कि उनकी लीडरशिप में सुधार आशीष नेहरा की वजह से हुआ है। हार्दिक ने कहा कि गुजरात टाइंट्स में कोच आशीष ने उनके जीवन में काफी बदलाव किया, हम दोनों क्रिकेट के बारे में एक जैसा सोचते है। हार्दिक ने कहा कि,‘‘मैं उनके साथ था, इसलिए मेरी कप्तानी में काफी मदद मिली। मैं चीजों को समझ रहा था और मुझे बैकअप की जरुरत थी, आशीष नेहरा ने मेरा साथ दिया।”



