लुधियाना, 22 अक्तूबर। लुधियाना में कार सवार चार बदमाशों ने एल्युमीनियम कारोबारी से 6 लाख रुपये और लैपटॉप लूट लिया। वह गिल रोड स्थित अपनी फैक्ट्री से घर लौट रहे थे, तभी एक कार घर के पास रुकी। कार से दो नकाबपोश युवक उतरे और व्यापारी पर बेसबॉल बैट से हमला कर दिया।
व्यवसायी सौरव अग्रवाल के हाथ में दो बैग थे। बदमाशों ने हमला कर दोनों बैग छीन लिए। एक बैग में करीब 6 लाख रुपये की नकदी थी और दूसरे में लैपटॉप था। हमले को अंजाम देने वाले बदमाशों ने चेहरे पर मास्क पहन रखा था, लेकिन पुलिस अभी इस बात की पुष्टि नहीं कर पाई है कि उन्होंने मास्क पहना था या नहीं। व्यवसायी की चीख-पुकार सुनकर परिजन और इलाके के लोग इकट्ठा हो गये और खून से लथपथ सौरव को संभाला। तब तक बदमाश भाग चुके थे।
कारोबारी सौरव अग्रवाल को निजी अस्पताल ले जाया गया। सौरव ने बताया कि जब वह फैक्ट्री से घर लौटा तो घर के बाहर बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया। वे लोग चेहरे पर मास्क पहने हुए थे। उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। चौकी किचलू नगर पुलिस और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और व्यापारी के बयान दर्ज किए।
लूट के बाद बदमाशों का पता लगाने के लिए एडीसीपी शुभम अग्रवाल और एसीपी मंदीप सिंह पुलिस टीमों के साथ रात एक बजे तक चेकिंग करते रहे। शहर में कई जगहों पर नाकाबंदी भी की गई।
पुलिस ने देर रात तक शहर के प्रवेश और निकास द्वारों पर आने-जाने वाले हर व्यक्ति और संदिग्ध कार की जांच की। शरारती तत्वों का पता लगाने के लिए शहर में जगह-जगह पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। सेफ सिटी के कैमरे और लोगों के घरों में लगे कैमरों की देर रात तक जांच की जा रही है। गाड़ी नंबर और आरोपियों का पता लगाने के लिए विशेष टीमें भी गठित की गई हैं। जल्द ही बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे। व्यवसायी सौरव की हालत खतरे से बाहर है।



