लुधियाना, 18 नवंबर | मोगा से लुधियाना आ रही एक निजी कंपनी की बस का पिछला टायर सोमवार सुबह जगराओं में अचानक निकल गया। हादसे के वक्त बस की रफ्तार काफी तेज थी। टायर की चपेट में आने से झुग्गी में रहने वाले एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। वही बस का दूसरा टायर बस में ही फंस गया। तेज झटके से बस में सवार यात्री घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। इसमें 40 यात्री सवार थे, जिनमें से कुछ को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें दूसरी बसों से कंपनी भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक एक निजी कंपनी की बस रोजाना की तरह मोगा से लुधियाना जा रही थी। जैसे ही बस गुरुद्वारा नानकसर के पास पहुंची तो बस के पिछले दोनों टायरों के नट-बोल्ट फट गए। इससे पहले कि बस ड्राइवर कुछ समझ पाता, बस का एक पहिया निकल गया और वहां मौजूद लोगों को चपेट में लेते हुए झुग्गी में जा घुसी। एक व्यक्ति जोगी सदा, उसका बेटा सौरव और तीसरा व्यक्ति इंदर घायल हो गये।
टायर निकलते ही बस अचानक रुक गई। इससे यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। कुछ असंतुलित होकर सीटों से टकरा गये। इसमें किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। बस का दूसरा टायर बस में ही फंस गया, जिससे उसे बचा लिया गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और यातायात शुरू कराया और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। बस में सवार करीब 40 यात्रियों को आनन-फानन में दूसरी बसों से उनके काम पर भेजा गया।



