चंडीगढ़, 13 जनवरी | आम आदमी पार्टी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने लोकसभा चुनाव के लिए सीटों के बंटवारे पर चर्चा की। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच पंजाब की सभी सीटों पर मिलकर चुनाव लड़ने पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही दिल्ली और गुजरात की सीटों पर साथ मिलकर लड़ने पर भी चर्चा चल रही है।
बैठक के बाद कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने कहा कि दोनों दलों के नेताओं ने अपने विचार साझा किए और व्यापक चर्चा की, उन्होंने कहा कि ‘इंडिया’ गठबंधन को मजबूत करने के लिए सभी मिलकर आगे बढ़ेंगे। सीटों के बंटवारे पर चर्चा के लिए बनी कांग्रेस कमेटी के सदस्य खुर्शीद ने पार्टी के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक के घर पर नेताओं की चर्चा में हिस्सा लिया। बैठक 2 घंटे से ज्यादा समय तक चली। चर्चा में आप नेता राघव चड्ढा, आतिशी, संदीप पाठक और सौरव भारद्वाज ने हिस्सा लिया। ‘इंडिया’ गठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं ने आगामी लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली, पंजाब और अन्य राज्यों में सीटों के बंटवारे पर चर्चा की है।
खुर्शीद ने कहा कि उनकी मुलाकात शानदार रही। बैठक के बाद उन्होंने पत्रकारों से कहा, ”हमने लगभग सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की है। हमारे बीच बहुत अच्छा तालमेल है, हम हर बात खुलकर साझा करते हैं, हमारा मानना है कि इससे हमारा रिश्ता मजबूत होगा। यह एक शानदार मुलाकात थी।” यह पूछे जाने पर कि सीट आवंटन को कब अंतिम रूप दिया जाएगा, उन्होंने कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि बैठक जल्द होगी क्योंकि हम कल अपने कई सहयोगियों के साथ बातचीत करने जा रहे हैं। जैसे ही हमारी अगली बैठक होगी, हम कुछ प्रस्तावों पर मुहर लगा सकेंगे और उन्हें अपने नेतृत्व के समक्ष रख सकेंगे। हम जो भी करेंगे, साथ मिलकर करेंगे।” ऐसे ही विचार व्यक्त करते हुए राघव चड्ढा ने कहा कि बातचीत अच्छी तरह आगे बढ़ रही है।




