चंडीगढ़,8 मार्च। पश्चिमी विक्षोभ को लेकर एक बार फिर आईएमडी की ओर से अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने कहा कि यह विक्षोभ एक बार फिर पश्चिमी हिमालय क्षेत्र यानी जम्मू-कश्मीर के हिस्से में सक्रिय हो रहा है। इसके चलते मैदानी इलाकों खासकर पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में तेज रफ्तार हवाएं चलेंगी। मौसम विभाग की ओर से एक और अलर्ट जारी किया गया है, 9 मार्च से सक्रिय होने वाला यह विक्षोभ मैदानी इलाकों में बारिश ला सकता है।
मौसम विभाग ने तापमान बढ़ने और बारिश दोनों का पूर्वानुमान जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर पूर्वी राज्यों और दार्जिलिंग में आज हल्की बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। साथ ही मौसम विभाग ने कहा कि दिल्ली एनसीआर और बिहार समेत इलाकों में तापमान में बढ़ोतरी होगी। कोंकण, गोवा, केरल, माहे के अलावा, तटीय आंध्र प्रदेश और तटीय कर्नाटक में तापमान अधिक रहेगा और आर्द्रता परेशानी का कारण बनेगी।



