गुरदासपुर/बटाला, 24 जनवरी | बटाला के नजदीक गांव डूडीपुर के एक युवक की अमेरिका में सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान गुरविंदर सिंह (31) के रूप में हुई है।
गुरविंदर सिंह तीन साल पहले बेहतर भविष्य के लिए अमेरिका गया था। वह अपनी विधवा मां का इकलौता बेटा था और उसके पिता की एक साल पहले मौत हो गई थी। मृतक अपने परिवार में विधवा मां, बहन, पत्नी और 2 बेटियों छोड़ गया है।
मृतक का पिता पंजाब रोडवेज में ड्राइवर के पद से सेवानिवृत्त थे और उन्होंने अपने बेटे गुरविंदर को कर्ज लेकर अमेरिका भेजा था। इसके बाद उनके पिता की मृत्यु हो गई। पड़ोसियों और रिश्तेदारों ने बताया कि गुरविंदर बहुत ही अच्छे स्वभाव का था और उसने अपने परिवार के बारे में बहुत कुछ सोच रखा था। वह जल्द ही अपने परिवार के पास वापस आने की योजना बना रहा था।
मृतक के परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सरकार से मुआवजे की मांग की है।



