पटियाला, 23 दिसंबर | पटियाला पुलिस ने नरेंद्र शर्मा नाम के गैंगस्टर को गिरफ्तार किया है। यह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का है। पुलिस ने उसके पास से .32 बोर की 2 पिस्तौल और 10 कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा उसके पास से एक कार भी बरामद हुई है।
एसएसपी पटियाला वरुण शर्मा ने कहा कि नरेंद्र शर्मा उर्फ शंकर 2014 से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है, जिसके खिलाफ पटियाला, एसएएस नगर मोहाली और हरियाणा के विभिन्न पुलिस स्टेशनों में लूट, कार चोरी, हथियार अधिनियम और लड़ाई-झगड़े के 5 मामले दर्ज हैं।
आरोपी को कुछ मामलों में अदालत द्वारा दोषी ठहराया जा चुका है और कुछ मामलों में वह जमानत पर है। आरोपी 2014 से 2022 तक विभिन्न मुकदमों के तहत पटियाला, संगरूर और कैथल हरियाणा की जेलों में रह चुका है। नरिंदर शर्मा उर्फ शंकर लॉरेंस लॉरेंस गिरोह के सदस्य दीपक बनूर, गोल्डी शेरगिल और गोल्डी ढिल्लों का बहुत करीबी रहा है।
गोल्डी शेरगिल को कुछ समय पहले पटियाला पुलिस ने .32 बोर की 2 पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया था। जेल अवधि के दौरान शंकर अन्य गैंगस्टरों के भी संपर्क में रहा है, जिसके कारण अब वह जमानत पर बाहर आ गया और गैंगस्टरों के इशारे पर विभिन्न आपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए गोला-बारूद की आपूर्ति करने लगा।



