मुम्बई। सनी देओल और अमीषा पटेल की फिल्म ‘गदर 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। ये मूवी हर दिन ताबड़तोड़ कमाई कर रही है। जिस तरह से ‘गदर 2’ कलेक्शन कर रही है उससे साफ है कि फिल्म ब्लॉकबस्टर साबित हो चुकी है, लेकिन विदेशों में ‘गदर 2’ की हालत बहुत खराब है। देश को छोड़ दें तो ‘गदर 2’ कमाई के मामले में दूसरे देशों में फिसड्डी साबित हुई है।
‘गदर 2’ में सनी देओल ने एक बार फिर तारा सिंह बनकर धूम मचा दिया है। भारत में इस फिल्म का खुमार लोगों के सिर चढ़कर बोल रहा है। फिल्म ‘गदर 2’ ने पिछले 6 दिनों में ही 261.35 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर लिया है, लेकिन इसके ओवरसीज कलेक्शन के आंकड़े खुश करने वाले नहीं हैं।
बॉक्स ऑफिस वर्ल्डवाइड के मुताबिक, ‘गदर 2’ को लेकर विदेशी ऑडियंस ने अपनी कुछ खास दिलचस्पी नहीं दिखाई है। इस खामियाजा फिल्म के ओवरसीज कलेक्शन पर भी देखने को साफ मिल रहा है। भारत में फिल्म ने कमाई के मामले में गदर मचा दिया है, लेकिन विदेशों में फ्लॉप साबित हुई है।
‘गदर 2’ ने विदेशों में पहले वीकेंड पर 2.1 मिलियन डॉलर का बिजनेस किया है, जिसे भारतीय करेंसी में कन्वर्ट किया जाए तो 17.44 करोड़ रुपये होता है। ये फिल्म अभी भी विदेशों में 5 मिलियन डॉलर का आंकड़ा छूने के लिए संघर्ष कर रही है। इससे विदेशों में ‘गदर 2’ की खराब परफॉर्मेंस का अंदाजा लगाया जा सकता है।
बता दें कि ‘गदर 2’ साल 2001 में रिलीज हुई फिल्म ‘गदर: एक प्रेम कथा’ का सीक्वल है, जो बॉक्स ऑफिस पर ऑल टाइम ब्लॉकबस्टर साबित हुई थी। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर 22 साल पहले 131 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ इतिहास रच दिया था। दोनों फिल्मों का डायरेक्शन अनिल शर्मा ने किया है।



