चंडीगढ़। पंजाब-हरियाणा समेत चंडीगढ़ में बरसात का कहर लगातार देखने को मिल रहा है। हर तरफ बारिश से सड़कें तालाब में बदल चुकी हैं। वहीं, चंडीगढ़ में बिजली के ट्रांसफार्मर और सेक्टर 15 के एक मकान के बिजली बॉक्स में आग लग गई। तस्वीरें बेहद ही डराने वाली हैं, जिसमें साफ तौर पर देखा जा सकता है कि किस तरीके से काफी देर तक ब्लास्ट हो रहा है और फिर आग लग जाती है।
तीन दिनों से बरसात आफत बनकर बरस रही है। चंडीगढ़ जैसे शहर से भयंकर तस्वीरें सामने आ रही हैं। सुखना लेक पर भी पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। लोगों को प्रशासन की तरफ से चेतावनी दी गई है कि लेक से दूर रहें और आसपास के इलाकों में खतरा बरकरार है। वहीं, बहुत से इलाकों में सड़कें पानी से लबालब भरी हुई हैं। तो उधर, इतना पानी भर गया है कि वाहन पानी में तैरते हुए नजर आ रहे हैं।
आपको बता दें कि मौसम विभाग की तरफ से अभी कुछ दिन और बरसात को लेकर चेतावनी दी गई है। कई जगहों पर रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। अभी 24 घंटे बरसात होगी, इसके बाद भी कुदरत के इस कहर से राहत कब तक मिलेगी, ये वक्त बताएगा। हालंकि, हरियाणा में भी सरकार ने आम जनता को लेकर एडवाइजरी जारी कर दी है। जिसमें कहा गया है कि घर से बाहर न निकलें, कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है।



