नशा करने वालों को कई बार पकड़ चुकी है पुलिस पर सुधार होता नहीं आता नजरः बग्गा
लुधियाना। नशा करते युवकों के 3 वीडियो सामने आए हैं। ये सभी वीडियो हलका उत्तरी से आम आदमी पार्टी के MLA मदन लाल बग्गा के घर नजदीक के हैं। विधायक के घर के 500 मीटर दायरे में ही नशेड़ी चिट्टे (हेरोइन) का खुलकर सेवन कर रहे हैं। पार्कों और पुलों के नीचे सरेआम नसों में टीके लगाए जा रहे हैं।
ड्रग एडिक्ट लोगों के परिवार दें साथ
विधायक बग्गा ने कहा कि इन नशा करने वालों को कई बार पुलिस पकड़ चुकी है। रात को थानों में इन्हें रखना आसान काम नहीं है। इन लोगों को नशे की तोड़ लग जाती है। इनके परिवार के लोग तक थाना में जाकर इनका हाल नहीं पूछते। पहले भी इलाके में कई बार रेड करवाकर नशा तस्करों और नशा करने वालों को पकड़वाया है।
कई नशा करने वालों को रेस्क्यू करके नशा छुड़ाओ केन्द्रों में भी भेजा गया है, लेकिन ये लोग वहां से भाग जाते हैं। इन युवकों के परिवारों को भी जिम्मेवारी समझनी चाहिए। जिन युवकों को नशा छुड़ाओं केन्द्र में भर्ती करवाया जाता है उनके परिवार उन लोगों पर नजर रखें। उन्हें अकेलापन महसूस न होने दें। नशा खत्म करने के लिए पंजाब सरकार हर संभव कोशिश कर रही है।



