वापस लौटी लड़कियों ने खाड़ी देशों में महिलाओं को बेचने के लगाए आरोप
सुल्तानपुर लोधी (डा.सुनील धीर)। अरब देशों में पंजाबी लड़कियों का शोषण रुकने का नाम नहीं ले रहा है। राज्यसभा सदस्य एवं पर्यावरणविद् संत बलबीर सिंह सीचेवाल के प्रयासों से अरब देशों में फंसी चार लड़कियों को वापस लाया गया। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पर्यावरणविद् और राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने कहा कि तीन लड़कियों को इराक से और एक लड़की को मस्कट से वापस लाया गया है। इनमें तीन लड़कियां जालंधर जिले की जबकि एक लड़की कपूरथला जिले की है।
संत सीचेवाल ने कहा कि ट्रैवल एजेंट और खासकर पीड़ितों के रिश्तेदार उन्हें फंसा रहे हैं। उन्होंने कहा कि एजेंट गरीब वर्ग की लड़कियों को निशाना बना रहे हैं। क्योंकि विदेश में अपने मामलों को आगे बढ़ाने के लिए धन और पहुंच दोनों की आवश्यकता होती है। राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने इराक और मस्कट में भारतीय दूतावासों को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने इन लड़कियों की शीघ्र पहचान करने और उन्हें वापस भेजने में बड़ी भूमिका निभाई है। जिसके चलते लड़कियां इराक से 20 दिन के अंदर और मस्कट ओमान से 5 दिन के अंदर वापस लौट आई हैं।
तीनों लड़कियों ने बताया कि वे मई, जून और जुलाई माह में इराक गयी थीं। वापस आईं इन लड़कियों ने अपना दुखड़ा सुनाया और कहा कि इराक पहुंचते ही उनके पासपोर्ट छीन लिए गए। कई दिनों तक उन्हें खाना नहीं दिया जाता था और पीटा जाता था। इन लड़कियों ने कहा कि वे अपने घर की गरीबी दूर करने का सपना लेकर घर से निकली थीं। लेकिन वहां पहुंचने पर उनके सपने तब टूट गए जब उन्हें पता चला कि उन्हें वहां ट्रैवल एजेंटों ने बेच दिया है। लड़कियों ने बताया कि जहां उनके साथ मारपीट की गई, वहीं उनसे गलत काम में भी धकेलने की कोशिश की गयी।
मस्कट से वापस आई लड़की ने अपना दुखड़ा सुनाते हुए कहा कि उसे भी वहां के ट्रैवल एजेंट ने फंसा लिया था। वहां पहुंचते ही उनकी तबीयत खराब हो गई, लेकिन फिर भी एजेंट की तरफ से जबरदस्ती उसे घरों में काम करने के लिए मजबूर किया और उसका कोई इलाज नहीं कराया गया। वापिस आयी इन सभी लड़कियों ने बताया की एजेंटो की तरफ से उनकी वापसी के लिए लाखों में पैसों की मांग की जा रही थी। इन चारों लड़कियों ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील की है कि वे ट्रैवल एजेंटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें ताकि भविष्य में ये ट्रैवल एजेंट पंजाब की अन्य लड़कियों का शोषण न कर सकें।
इन लड़कियों की वापसी में अहम भूमिका निभा रहे मेजर सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले उनकी दो लड़कियां भी इसी तरह अरब देश से लौटी थीं। उन्होंने बताया कि एजेंटों ने लड़कियों को वापस लाने के लिए उनसे भी करीब दस लाख रुपये की मांग की थी। लेकिन संत सीचेवाल के प्रयासों से उनकी लड़कियाँ बिना एक पैसा दिए वापस आ गईं। उन्होंने बताया कि इसके बाद से ही वे लगातार अरब देशों में फंसी लड़कियों की तलाश शुरू कर रहे है। वे पीड़ित लड़कियों के परिवारों के राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल से संपर्क करते हैं ताकि वे जल्द से जल्द वापस आ सकें। अब तक वे करीब 4 लड़कियों की मदद कर चुके हैं।



