फाजिल्का, 12 नवंबर | अबोहर के बल्लूआना थानांतर्गत ढाणी चेतुवाली में कुछ लोगों ने एक युवक के परिवार पर हमला कर दिया। जानकारी के मुताबिक प्रेम विवाह की रंजिश के चलते उक्त युवक और उसके परिवार पर हमला किया गया है, जिन्हें इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया गया।
धर्मपाल ने बताया कि उसने करीब 5 महीने पहले ढाणी की एक लड़की से प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से लड़की के परिजन उससे रंजिश रखने लगे। इस वजह से उनकी मां और चाचा का परिवार एक ही घर में रहने लगा। उन्होंने अपने घर में कैमरे भी लगवाए हैं।
धर्मपाल ने बताया कि बीती रात जब वह घर पर सो रहा था तो लड़की का भाई अपने कुछ साथियों के साथ हथियारों के साथ दीवार फांदकर उसके घर में घुस आया। उन्होंने उनके कमरे का गेट तोड़ दिया और उन पर हमला कर दिया। उसकी मां सावित्री, चाचा राम कुमार और चचेरा भाई मोनू घायल हो गए। शोर सुनकर आसपास के लोग जाग गए और हमलावर भाग गए।
इधर, सभी को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मोनू की हालत गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे रेफर कर दिया गया। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है।



