फाजिल्का, 13 फरवरी | एक नवविवाहिता ने नहर में छलांग लगा दी। करीब दो माह पहले उसकी शादी हुई थी। मंडी लाधूका में हुई इस घटना में स्थानीय युवाओं की सूझबूझ से महिला की जान बच गई। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली की इस महिला की शादी करीब दो महीने पहले गांव झुगे लाल सिंह के एक युवक से हुई थी।
घटना की जानकारी देते हुए ग्रामीण साजन ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण महिला ने यह कदम उठाया। महिला के नहर में कूदने की सूचना मिलते ही गांव के कुछ युवक तुरंत मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना नहर में कूदकर महिला को बचा लिया। रोड सेफ्टी फोर्स ने मौके पर पहुंचकर महिला को तुरंत फाजिल्का के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
रोड सेफ्टी फोर्स के प्रभारी एएसआई सुरिंदरपाल सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और गांव के स्थानीय युवाओं ने महिला को नहर से बाहर निकाला। उसे अस्पताल ले जाया गया और महिला के परिवार को सूचित कर दिया गया है।



