मोगा, 28 जनवरी | यहां एक ट्रक ड्राइवर को गाड़ी चलाते वक्त दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव फतेहगढ़ कोरोटाना निवासी 32 वर्षीय गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। हादसे के दौरान ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया।
बाघापुराना थाने के एएसआई अमरजीत सिंह के मुताबिक गुरविंदर सिंह जिला फिरोजपुर के वाडा चक सिंह वाला में अपने नानके में रहता था। उनकी शादी नहीं हुई थी और उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। घटना देर शाम की है जब गुरविंदर बाघा पुराना से निहाल सिंह वाला रोड पर जा रहा था।
दिल का दौरा पड़ने से गुरविंदर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल मोगा के शवगृह में रखवा दिया है। परिवार को घटना की जानकारी दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों को सौंप दिया जाएगा।



