Wednesday, April 15, 2026
No menu items!
Google search engine

बेटी ने की लव- मैरिज तो भड़के सरपंच पिता ने ही जमाई के घर में लगा दी आग

Spread the News

तेलगांना। वारंगल जिले के नरसमपेट तालुका के इटिकलपल्ली गांव में बेटी के प्रेम विवाह से नाराज सरपंच द्वारा जमाई का घर जलाने का मामला सामने आया है। इटिकलपल्ली गांव की काव्या श्री ने गांव के लड़के से शादी की थी। अपनी बेटी के प्रेम विवाह से नाराज तेलंगाना के एक गांव के सरपंच ने अपने जमाई के घर को आग लगाकर जला दिया। यह घटना वारंगल जिले के नरसमपेट तालुका के इटिकलपल्ली गांव में हुई है।

बता दें कि नव विवाहित दंपति एक ही जाति के हैं। सूत्रों का कहना है कि इटिकलपल्ली गांव के सरपंच मंडला रविंदर की बेटी काव्या श्री का गांव के जलगम रंजीत से कॉलेज के दिनों से प्यार था। काव्या श्री ने अपने पिता की मर्जी के खिलाफ अपने प्रेमी से भागकर शादी कर ली। इन दोनों ने शादी के बाद अपने परिवार के लोगों को एक वीडियो संदेश भेजा था। इस वीडियो में काव्या श्री ने कहा कि उसने अपनी मर्जी से रंजीत से शादी की है। उसने अपने मां-बाप से आग्रह किया कि वे उसे माफ कर दें क्योंकि उसने उनकी मर्जी के खिलाफ शादी की है।

साथ ही काव्‍या ने अपने मां-बाप से खुश रहने और उसे भी अपने पति के साथ खुशी से रहने देने को कहा था। उसने धमकी भी दी कि अगर वे लोग उसके पीछे पड़े तो वह रंजीत के साथ ही आत्महत्या कर लेगी। वहीं, अपनी बेटी की शादी से नाराज सरपंच ने रंजीत और इस शादी में उसकी मदद करने वाले उसके एक दोस्त के घर को आग लगाकर जला दिया। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। गांव में इस घटना से उत्पन्न तनाव के बाद वहां पुलिस को तैनात कर दिया गया है।

एक ग्रामीण ने घटना के बारे में यह बताया कि पांच दोपहिया वाहनों पर सवार कुछ अज्ञात लोग आधी रात को घर में घुस आए और घर में तोड़फोड़ की। उन लोगों ने 50,000 नकद के साथ सोने के जेवरात भी घर से चुरा लिए और घर को आग लगा दी। आग की वजह से घर में रखा सारा सामान जल गया। इस दौरान घर में रखी कपास भी जलकर खाक हो गई। इन सभी अज्ञात लोगों ने अपने चेहरे को ढक रखा था और इसलिए उनको पहचाना नहीं जा सका।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments