अमृतसर। पंजाब के 8 जिले बाढ़ की चपेट में आए गए हैं। भाखड़ा डैम के फ्लड गेट खोले जाने से सतलुज नदी के बढ़े जलस्तर ने रूपनगर में असर दिखाया है। वहीं पौंग डैम से छोड़े पानी ने होशियारपुर, गुरदासपुर, कपूरथला के बाद अब अमृतसर, तरनतारन और फिरोजपुर को अपनी चपेट में ले लिया है। पौंग डैम से छोड़े पानी से गुरदासपुर में सबसे अधिक मार देखने को मिल रही है। वहीं होशियारपुर के कई गांवों को खाली करवाया जा चुका है। कपूरथला के विधानसभा क्षेत्र भोलाथ के गांवों में कई मवेशी बाढ़ के पानी में बह गए। वहीं अब ब्यास ने अमृतसर, तरनतारन व फिरोजपुर में भी असर डालना शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान पंजाब में बाढ़ के हालातों पर राज्य के लोगों को 11 बजे संबोधित करेंगे।



