चंडीगढ़। पंजाब सरकार द्वारा पंजाबी युवाओं को लगातार रोजगार मुहैया कराने का दावा किया जा रहा है। इसी दिशा में CM भगवंत मान ने आज पंजाब के विभिन्न विभागों के करीब 252 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र सौंपे और रंगला पंजाब की टीम का हिस्सा बनने पर बधाई दी। CM भगवंत मान ने नवनियुक्त कर्मचारियों को विभिन्न प्रकार के उदाहरण देते हुए टीम वर्क के रूप में काम करने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि पहले के मुकाबले अब सिफारिश पर सरकारी नौकरी नहीं दी जाती, योग्यता के आधार पर ही नौकरी मिल रही है।CM भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार ने पहले इरादा किया और उसके बाद पंजाबियों से वादा किया था। इस इरादे में युवाओं का रोजगार, बिजली फ्री, शिक्षा व्यवस्था और स्वास्थ्य व्यवस्था समेत अन्य कार्य शामिल थे। उन्होंने कहा कि जब इरादा कर लिया जाए तो वादा पूरा करने में मुश्किल नहीं आती।
गौरतलब है कि पंजाब सरकार अब तक करीब 30 हजार पंजाबी युवाओं को विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरियां देने का दावा कर चुकी है। इंडस्ट्रियल क्षेत्र में भी बड़े निवेश का दावा किया गया है। CM पंजाब भगवंत मान ने करीब पांच महीने पहले पंजाब में विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 38 हजार 175 करोड़ रुपए का निवेश होने का दावा किया। साथ ही यह भी कहा कि इससे कुल 2,43,248 लोगों को रोजगार मिल सकेगा। यह निवेश रियल एस्टेट, हाउसिंग, इन्फ्रास्ट्रक्चर में सबसे अधिक 11 हजार 853 करोड़ रुपए का बताया गया है। उन्होंने इससे कुल 1 लाख 22 हजार 225 पंजाबियों को रोजगार मिलने की बात कही।



