चंडीगढ़, 25 जनवरी। पंजाब में आज शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। अगले 72 घंटों तक पंजाब के न्यूनतम तापमान में थोड़ी गिरावट होने की उम्मीद है, लेकिन उसके बाद मौसम में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। साथ ही पंजाब में फिलहाल कोई पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय नहीं है।
कल फरीदकोट पंजाब का सबसे ठंडा शहर रहा, जहां तापमान 3.8 डिग्री दर्ज किया गया। भारत मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, जालंधर, कपूरथला, फिरोजपुर, फरीदकोट, मुक्तसर साहिब और फाजिल्का में शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट रविवार को भी जारी रहेगा लेकिन उसके बाद तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
29 जनवरी से पंजाब में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इस पश्चिमी विक्षोभ का असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में देखने को मिलेगा। पहाड़ी इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है, जबकि बर्फबारी की भी संभावना है। अगर पहाड़ों में ठंड बढ़ेगी तो वहां से मैदानी इलाकों में आने वाली हवाओं के कारण इसका असर पंजाब में भी दिखेगा।



