चंडीगढ़। पंजाब कैबिनेट के एक और मंत्री पर संकट आ सकता है। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने मंत्री के अश्लील वीडियो की जांच के आदेश दिए हैं। सूत्रों के अनुसार राज्यपाल ने पुलिस प्रमुख को वीडियो की फॉरेंसिक जांच के साथ ही विधायक सुखपाल खैरा की शिकायत में दिये गये तथ्यों की जांच करने को कहा है।
आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित ने डीजीपी से एक मंत्री के इतराज़योग वीडियो की प्रमाणिकता की जांच करने को कहा है। इस मामले में राज्यपाल की एंट्री आम आदमी पार्टी की मुश्किलें बढ़ा सकती है। याद रहे कि राज्यपाल की पंजाब सरकार से भी कई बार अनबन हो चुकी है।
बता दें कि कांग्रेस नेता सुखपाल खैरा ने आपत्तिजनक वीडियो राज्यपाल को देकर इसकी फॉरेंसिक जांच की मांग की और वीडियो सही पाए जाने पर मंत्री को पद से हटाने की भी मांग की। सूत्रों के मुताबिक राज्यपाल पुरोहित ने इसके बाद यह कदम उठाया है। सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल ने इस वीडियो की प्रमाणिकता जाँच की जिम्मेदारी डीजीपी को सौंपी है।
गौरतलब है कि खैरा ने आम आदमी पार्टी सरकार में एक मंत्री के दो अश्लील वीडियो राज्यपाल को सौंपे जाने की बात कही है और सच्चाई का पता लगाने के लिए इन वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराने का अनुरोध किया है। खैरा ने कहा कि अगर इस तरह के वीडियो सोशल मीडिया पर मिले तो लोगों पर इसका बहुत बुरा असर पड़ेगा। इसलिए वह इस वीडियो को पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित के पास ले गए।



