चंडीगढ़, 2 फरवरी | पंजाब मिड-डे मील सोसायटी ने एक बार फिर अपने मेन्यू में बदलाव किया है। अब सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को मिड-डे मील में सप्ताह में एक दिन आलू-पूड़ी परोसी जाएगी। इसके अलावा बच्चों को सप्ताह में एक दिन खीर भी परोसी जायेगी। बुधवार को बच्चों को आलू मिक्स और पूड़ी के साथ काला या सफेद चना खाने को मिलेगा।
केंद्र सरकार के निर्देश पर सोसायटी ने इस योजना के तहत पंजाब यूनिवर्सिटी के माध्यम से प्रदेश के दस जिलों में सोशल ऑडिट कराया। इस दौरान शिक्षकों, परिजनों व विद्यार्थियों ने मध्याह्न भोजन के मेन्यू के साथ फल देने का सुझाव दिया। इसके तहत जनवरी से मार्च तक सप्ताह में एक दिन सोमवार को दोपहर के भोजन के साथ बच्चों को केला भी दिया जायेगा। बच्चों को फल उपलब्ध कराने के लिए प्रति बच्चा 5 रुपये का अलग से फंड उपलब्ध कराया जाएगा।
यह जानकारी ई-पंजाब ऐप पर मिड-डे मील की हाजिरी संबंधी भरे जाने वाले डेटा के साथ देनी होगी। बता दें कि इस योजना का उद्देश्य प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों का नामांकन बढ़ाना, बच्चों को प्राथमिक विद्यालयों में बनाए रखना, छात्रों की नियमित उपस्थिति बढ़ाना और उन्हें पौष्टिक भोजन के माध्यम से स्वास्थ्य लाभ प्रदान करना है। इस योजना में केंद्र और राज्य सरकारें अनुपातिक रूप से खर्च करती हैं। भोजन के लिए सरकार खाद्य सामग्री उपलब्ध कराती है।



