चंडीगढ़। पंजाब के मुख्य मंत्री भगवंत मान के आदेश पर फिरोज़पुर के जीरा स्थित मार्लबरो शराब फैक्ट्री को तत्काल प्रभाव से बंद करने का फैसला एक बार फिर गरमा गया है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पर्यावरण से खिलवाड़ बंद करने के लिए यह फैसला लेने की बात कही है। जबकि शराब फैक्ट्री का यह मामला पहले से ही पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में विचाराधीन है। इसके बावजूद पंजाब के मुख्य मंत्री ने अपने स्तर पर फैक्ट्री बंद करने का फैसला लिया है। कानून के मुताबिक अगर कोई मामला कोर्ट में लंबित है तो कोई भी जांच एजेंसी या खुद सरकार कोर्ट का फैसला आने तक जज नहीं बन सकती है।
इससे पहले पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने पानी और अन्य तरह के सैंपल की जांच के लिए राज्य के सभी विशेषज्ञों की एक कमेटी बनाने को कहा था। लेकिन सीएम मान ने कमेटी की जांच रिपोर्ट हाईकोर्ट में पेश करने से पहले अपने स्तर पर फैक्ट्री बंद करने का फैसला किया है.
फैक्ट्री के गेट के पास प्रदर्शनकारियों को नहीं हटाने के लिए पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने पंजाब सरकार पर 20 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया था। जीरा के आसपास के करीब 40 गांवों के लोगों व किसानों ने शराब फैक्ट्री के बाहर कड़ा मोर्चा लगा दिया है। जबकि हाईकोर्ट ने प्रदर्शनकारियों को फैक्ट्री से 300 मीटर दूर रखने के आदेश जारी किए हैं।



