वाल्मीकि गेट पर जमकर हंगामा, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ा- लोगों मे दहशत का माहोैल
जालंधर। पंजाब के जालंधर शहर में देर रात जमकर हंगामा हुआ। वाल्मीकि गेट के पास दो गुट आपस में भिड़ गए। जमकर मारपीट हुई और इसी दौरान एक गुट ने गोलियां चला दीं। लाइसेंसी हथियार से हुए हवाई फायर के बाद लोगों में भगदड़ मंच गई। लोग दहशत में भी आ गए।
यह सारा विवाद वाल्मीकि गेट पर खेल रहे बच्चों को जातिसूचक शब्द कहने से शुरू हुआ था। जो बाद में गाली गलौज से होता हुआ मारपीट पर जा पहुंचा। इस झगड़े में कुछ लोगों को चोटें भी आई हैं। वाल्मीकि गेट पर लोगों का हुजूम लग जाने और माहौल को खराब होता देख पुलिस ने कुछ लोगों की धरपकड़ भी की। लेकिन कुछ झगड़ा करने वाले लोग मौके से फरार हो गए।
देर रात लोग चिल्ला-चिल्ला कर कह रहे थे कि मौके पर एक व्यक्ति ने अपने लाइसेंसी पिस्तौल से गोलियां चलाई और दहशत पैदा करने की कोशिश की। लेकिन मौके पर पहुंचे पुलिस के अधिकारियों ने गोली चलने की पुष्टि नहीं की। थाना डिवीजन नंबर 2 के प्रभारी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि वह मामले की जांच कर रहे हैं। लेकिन अभी तक उन्हें गोलियां चलने के बारे में कोई जानकारी नहीं है।
सिविल अस्पताल में जाकर फिर किया हंगामा
वाल्मीकि गेट के पास झगड़े के बाद दोनों गुटों के लोग अपना इलाज करवाने और मेडिकल बनाने के लिए सिविल अस्पताल में पहुंच गए। सिविल अस्पताल में पहुंचने के बाद एक बार फिर से दोनों गुट आमने-सामने हो गए। सिविल में भी दोनों गुटों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। जब पुलिस वे इन्हें अलग-अलग करने की कोशिश की तो यह पुलिस वालों के साथ ही उलझ गए।
सिविल अस्पताल में माहौल खराब होता देख पुलिस ने बवाल कर रहे लोगों को मौके से खदेड़ने के लिए हल्का बल भी प्रयोग किया। पुलिस ने एक युवक को काबू किया और जैसे ही उसे गाड़ी में बैठाने लगे तो वह पुलिस की गिरफ्त से भाग निकला। एक पुलिसकर्मी उसे पकड़ने भागा तो वह गिर कर घायल हो गया। वही एक पक्ष ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की।



